शिवपुरी , मई 15 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में 12वीं कक्षा में असफल होने पर आत्महत्या करने वाले छात्र के गम में उसकी दादी की भी तबीयत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतिका कमला देवी सिसोदिया (75) की गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का कारण गहरा सदमा बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक कमला देवी के पोते आर्यभान सिंह (18) ने बुधवार रात सीबीएसई की 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में दो विषयों में सप्लीमेंट्री आने के बाद अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के अनुसार पोते की मृत्यु के बाद से कमला देवी गहरे सदमे में थीं और इसी के चलते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित