वाराणसी , जुलाई 22 -- दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर जंजीर पहनकर तथा हाथों में पोस्टर लेकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
काशी विद्यापीठ परिसर में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन के बाद धरना दिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में कई थानों की पुलिस बल तैनात किया गया था। समाजवादी छात्र सभा और एनएसयूआई के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में छात्रों ने सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारे लगाए।
एनएसयूआई के छात्र नेता ऋषभ पांडेय ने आरोप लगाया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के साथ भी पुलिस ने बल प्रयोग किया तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी चोट आई। उन्होंने कहा कि छात्र अपने आंदोलन से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
उधर, जिला मुख्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने जंजीर पहनकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में भी लिया। सपा नेता संदीप मिश्रा ने कहा कि जंजीर पहनकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया, ताकि प्रशासन तक छात्रों की आवाज पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में किया गया है। सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।
प्रदर्शन के मद्देनजर जिला मुख्यालय पर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित