बागेश्वर , जून 05 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। समाज कल्याण विभाग ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी हेम चंद्र तिवारी ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) तथा दिव्यांग श्रेणी की छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन पोर्टल विगत दो जून से सक्रिय कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों को छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र छात्र-छात्राएं समय पर आवेदन कर सकें और किसी भी लाभार्थी को योजना से वंचित न रहना पड़े।

श्री तिवारी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में सहायता प्रदान करना है।

समाज कल्याण विभाग की इस पहल से जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को आगामी शैक्षणिक सत्र में आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित