भोपाल , जून 25 -- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने छात्रों की समस्याओं, परीक्षा प्रणाली में कथित विसंगतियों तथा प्रश्नपत्र लीक जैसे मुद्दों को लेकर आज गुरुवार को भोपाल में 'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। इस दौरान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और एनएसयूआई नेता अंशुल त्रिवेदी की उपस्थिति में अभियान के पोस्टर का विमोचन किया है।

कार्यक्रम में पन्ना जिले के छात्र लक्ष्य मिश्रा ने सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि 10वीं बोर्ड परीक्षा में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बावजूद उनकी उत्तरपुस्तिका के मूल्यांकन में त्रुटियां हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुनर्मूल्यांकन के बाद भी उनकी आपत्तियों का समुचित निराकरण नहीं किया गया।

खंडवा की नीट अभ्यर्थी खुशी सिटोके ने भी परीक्षा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता बताते हुए कहा कि परीक्षा संबंधी अनियमितताओं का प्रभाव बड़ी संख्या में विद्यार्थियों पर पड़ता है और इससे छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा प्रबंधन से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार आवश्यक हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा निरस्तीकरण की घटनाओं से बड़ी संख्या में छात्र प्रभावित हुए हैं।

एनएसयूआई ने अभियान के तहत केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) सहित परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, परीक्षा और भर्ती के लिए निश्चित वार्षिक कैलेंडर तथा परीक्षा प्रक्रियाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

संगठन के अनुसार यह राष्ट्रव्यापी अभियान 40 दिनों तक देश के 28 प्रमुख शहरों में संचालित किया जाएगा। 30 जून से छात्रों के बीच जनसंपर्क, पर्चा वितरण और संवाद कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जबकि जुलाई माह में विभिन्न कॉलेज परिसरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। एक अगस्त को सभी 28 शहरों में कलेक्टरेट का घेराव तथा नौ अगस्त को 'दिल्ली चलो' कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई है।

अभियान से जुड़ने और शिकायत दर्ज कराने के लिए एनएसयूआई ने मिस्ड कॉल नंबर 9873036161 जारी किया है। इसके अलावा छात्रों के पंजीयन और शिकायतों के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.chhatronkigoonj.in भी उपलब्ध कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित