नयी दिल्ली , अगस्त 18 -- कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने महाराष्ट्र के पुणे में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को महाराष्ट्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार लगातार श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित छात्र कार्यक्रमों में बाधा डालने का प्रयास कर रही है।

सुश्री श्रीनेत ने कहा कि कोटा में छात्रों के पहुंचने पर रोक लगाकर कार्यक्रम का स्थान बदला गया, जबकि देहरादून में स्थान बदलने के साथ ही पास में कार्यक्रम आयोजित कर व्यवधान पैदा करने की कोशिश की गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रयागराज में कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने के बाद भी अंतिम समय तक सभा स्थल उपलब्ध कराने में अड़चनें पैदा की गयी। उन्होंने कहा कि अब पुणे में 18 से 31 अगस्त तक पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि 'छात्रों की गूंज' का आयोजन 22 अगस्त को होना है।

उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जितनी अड़चनें पैदा की जायेंगी, कार्यक्रम उतना ही सफल होगा। उन्होंने कहा कि देश के युवा और राहुल गांधी ऐसी कथित धमकियों से रुकने वाले नहीं हैं।इस बार कार्यक्रम विशेष रूप से लड़कियों के लिए आयोजित किया जा रहा है और कहा कि वे न रुकेंगी, न झुकेंगी और न थमेंगी।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम 22 अगस्त को पुणे मे निर्धारित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित