चंडीगढ़ , जुलाई 21 -- हरियाणा के सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
कुमारी सैलजा ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर के कहा कि अपने भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्रों की आवाज़ दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि संसद में शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा प्रणाली पर व्यापक चर्चा कर ठोस सुधार किए जाएं, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लग सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों, युवाओं और किसानों के मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है तथा संसद में महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनहित के विषयों पर चर्चा नहीं होने दे रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित