पटना , अगस्त 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने छात्रों के प्रदर्शन और आंदोलन को लेकर कहा कि बिहार सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार छात्रों एवं नौजवानों के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है। श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में राज्य सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को सीधे सरकार तक पहुंचाने के लिए आज ही 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' का शुभारंभ किया गया है। इससे छात्रों की आवाज संस्थागत तरीके से सरकार तक पहुंचेगी और उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया और प्रभावी होगी।

श्री सरावगी ने कहा कि बिहार सरकार ने छात्रों की प्रमुख मांगों में शामिल शिक्षक भर्ती के लिए टीआरइ -4 के तहत 32,388 पदों का विज्ञापन जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब लगभग 20 हजार पदों की मांग की जा रही थी, तब सरकार ने उससे कहीं अधिक 32,388 पदों पर भर्ती का रास्ता खोल दिया। एक सितंबर से आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो रही है। ऐसे में यह स्पष्ट है कि सरकार छात्रों के भविष्य और रोजगार को लेकर गंभीरता से काम कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को चार लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है और राज्य सरकार इसकी गारंटी देती है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है। राज्य के 211 ऐसे प्रखंडों में डिग्री की पढ़ाई शुरू कराने का निर्णय लिया गया है, जहां पहले डिग्री कॉलेज की सुविधा नहीं थी। यह सरकार की व्यापक शिक्षा नीति का प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित