आइजोल , अगस्त 12 -- मिजोरम सरकार ने राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मिजोरम लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के कामकाज से संबंधित मुद्दों की जांच को लेकर एक एमपीएससी सुधार समिति का गठन करने का निर्णय लिया है।
कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के सचिव उदित प्रकाश राय ने बुधवार को मिजो जिरलाई पावल (एमजेडपी) के नेताओं और आयोग में समस्याओं से प्रभावित छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक के दौरान यह जानकारी दी।
यह बैठक मुख्य सचिव के सम्मेलन कक्ष में श्री राय की अध्यक्षता में आयोजित की गयी, जिसमें एमपीएससी के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
इस बैठक के दौरान विभाग के सचिव राय ने कहा कि राज्य सरकार ने एमपीएससी सुधार समिति गठित करने का फैसला किया है और इस मामले को पहले ही मुख्यमंत्री लालदुहोमा के संज्ञान में लाया जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार, एमजेडपी नेताओं और एमपीएससी के साथ कठिनाइयों का सामना कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों ने सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक का स्वागत किया। यह बातचीत छात्र संगठन द्वारा आयोग से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर किये गये दो दिवसीय शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और उसके बाद तीन दिनों तक एमपीएससी कार्यालय के प्रवेश द्वार को अवरुद्ध करने के बाद की गयी है।
हालांकि, एमजेडपी नेताओं ने एक बयान में कहा कि जब तक सरकार एमपीएससी सुधार समिति के गठन की अधिसूचना जारी करने वाला औपचारिक आदेश जारी नहीं करती, तब तक वह 13 अगस्त को सुबह नौ बजे से एमपीएससी कार्यालय की घेराबंदी जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित