खरगोन , जून 21 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के सनावद थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के अनुसार इंदौर में बी-कॉम की पढ़ाई कर रही पीड़िता आरोपी माहीन जुनैद शेख से पूर्व-परिचित थी। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 17 जून को माहीन ने उसे फोन कर शहर के बाहरी इलाके में स्थित अपने स्पोर्ट्स टर्फ पर बुलाया।
पीड़िता के अनुसार वहां पहुंचने पर आरोपी ने पहले उसे परिसर दिखाया, फिर गर्मी का हवाला देकर एक एसी कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां उसने जबरन कमरे में ले जाकर मारपीट की और दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसका मुंह दबाया और घटना का खुलासा करने पर जान से मारने की धमकी दी।
घर लौटने पर परेशान हालत में देख परिजनों ने पूछताछ की, जिसके बाद पीड़िता ने आपबीती सुनाई। परिवार तुरंत पुलिस के पास पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता के बयान के आधार पर सनावद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस बीच, स्थानीय संगठनों के सदस्यों ने स्पोर्ट्स टर्फ पर कथित अवैध गतिविधियों की गहन जांच की मांग की है। संगठनों ने आरोपी और उसके पिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित