वाराणसी , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के आरोप में सोमवार को मृतका के प्रेमी विवेक चौबे के साथी पुनीत मिश्रा को रमईपुर मोड़ के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल पुनीत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी इलाके में गुरुवार को एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा श्रेया उपाध्याय का शव उसके प्रेमी विवेक चौबे के किराये के कमरे के बाथरूम से सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ था। श्रेया 18 अगस्त से लापता थी।
पुलिस का कहना है कि विवेक चौबे ने श्रेया की हत्या में मदद करने के लिए अपने दोस्त पुनीत मिश्रा को 22 लाख रुपये देने का वादा किया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर धारदार हथियार से श्रेया की हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों अलग-अलग फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की जांच में वारदात के दिन दोनों की घटनास्थल के आसपास मौजूदगी की पुष्टि हुई है। पुनीत मिश्रा और विवेक चौबे पहले लोहता क्षेत्र में साथ रहते थे।
पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि मऊ निवासी पुनीत मिश्रा रमईपुर की ओर से फरार होने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में विवेक चौबे की तलाश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित