नयी दिल्ली , जुलाई 13 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने झारखंड के लोहरदगा जिले के एक आवासीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रावास में सांप के काटने से एक छात्रा की मौत तथा तीन अन्य छात्राओं के घायल होने की घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने सोमवार को यहां एक बयान में राज्य सरकार को कहा कि रिपोर्ट में घायल छात्राओं की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी शामिल की जाए।
बयान के अनुसार गत सात जुलाई को छात्रावास के भूतल स्थित कमरे में रात्रि भोजन के बाद सो रही चार छात्राओं को सांप ने काट लिया था। इस घटना में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का उपचार चल रहा है।
आयोग ने कहा कि यदि मीडिया में प्रकाशित खबरों के तथ्य सही हैं तो यह छात्राओं के मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है इसलिए झारखंड के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित