भोपाल , सितंबर 28 -- सेज यूनिवर्सिटी भोपाल के कैंपस स्थित छात्रावास में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित छात्रों ने कैंपस में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और भोजन की गुणवत्ता तथा मेस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की कैंपस इकाई के कार्यकर्ता और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। अभाविप कार्यकर्ताओं ने छात्रों की समस्याएं सुनीं और उनसे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का आग्रह किया। कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभाला गया और छात्रों को छात्रावास वापस भेजा गया। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष छात्रों की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग रखी गई।
अभाविप ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। परिषद के अनुसार पूर्व में भी मेस के भोजन को लेकर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मेस संचालक और संबंधित व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही छात्रावास की भोजन व्यवस्था और स्वच्छता में सुधार नहीं किया गया तो छात्र हितों की रक्षा के लिए आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित