हनुमानगढ़ , मार्च 08 -- राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हनुमानगढ़ में रविवार को राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सभा के बाहर छात्राओं ने हंगामा खड़ा कर दिया।

पीटीआई (फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर) भर्ती को लेकर नाराज छात्राओं ने मुख्यमंत्री की सभा पहुंचने से पहले ही जंक्शन की धानमंडी में प्रदर्शन किया। छात्राओं ने 1079 पदों वाली भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मांग की कि राज्य में रिक्त3400 पीटीआई पदों की भर्ती बढ़ाई जाए।

छात्राओं का आरोप है कि मात्र 1079 पदों की भर्ती उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के कारण उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। इस पर छात्राएं और नाराज हो गईं तथा जोर-जोर से नारेबाजी करने लगीं।

माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस बल ने छात्राओं को सभा स्थल से हटाने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस और छात्राओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ देर तक दोनों तरफ से तीखी नोकझोंक चली। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और अंततः उन्हें सभा स्थल से दूर ले जाया गया।

छात्राओं ने कहा कि महिला दिवस के दिन जब पूरे देश में महिलाओं के सम्मान की बात हो रही हो, तब राजस्थान में युवतियों के रोजगार के अवसर छीने जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि अगर 3400 खाली पड़े पीटीआई पदों पर जल्द भर्ती नहीं निकाली गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित