अलवर , अगस्त 06 -- राजस्थान में अलवर में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने और राजस्थानी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने की मांग को लेकर आरआर कॉलेज चौराहे पर छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा।
आंदोलन के तहत धरना दे रहे छात्रों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम अपने खून से पत्र लिखकर छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठायी। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व खत्म हो गया है।
धरने के दौरान आरआर कॉलेज के छात्र अभिषेक जायसवाल भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र धरना स्थल पर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि कई वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे छात्र अपनी समस्याएं प्रभावी ढंग से नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने की सूचना पर कॉलेज प्रशासन भी छात्रों से मिलने पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत करके उनकी मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया और भूख हड़ताल समाप्त करने का अनुरोध किया। छात्रों ने स्पष्ट कर दिया कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने एवं राजस्थानी भाषा को मान्यता देने के संबंध में ठोस निर्णय होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित