पौड़ी , सितंबर 11 -- उत्तराखंड के पौढ़ी गढवाल में समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग की ओर से संचालित पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। पात्र छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। विभाग ने विद्यार्थियों से अंतिम दिनों की भीड़ से बचने के लिए समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदन से पहले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) कर ओटीआर नंबर प्राप्त करना होगा। इसके बाद ओटीआर के माध्यम से लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के साथ आवश्यक अभिलेख पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। ओटीआर और आधार सीडिंग से संबंधित मार्गदर्शी वीडियो विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी है। छात्रवृत्ति प्राप्त होने तक बैंक खाता सक्रिय रखना होगा। विद्यार्थियों को आवेदन के दौरान अपनी श्रेणी और संबंधित छात्रवृत्ति योजना का सही चयन करने की भी सलाह दी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने शैक्षणिक संस्थानों से पात्र विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा है। तकनीकी सहायता के लिए समाज कल्याण विभाग के आईटी सेल के टोल फ्री नंबर 18001804236 और मोबाइल नंबर 6395221188 पर संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि 30 सितंबर से पहले ओटीआर पंजीकरण और छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कर लें, ताकि पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित