लखनऊ , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने फैसलों की जानकारी दी। वहीं, अन्य मंत्रियों ने संबंधित प्रस्तावों के बारे में विस्तार से बताया। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि मथुरा के छाता में करीब 19 वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिल को एथेनॉल उत्पादन के लिए उपयोग में लाने की योजना को मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर गन्ना किसानों को राहत देने और बंद पड़ी औद्योगिक इकाई का बेहतर इस्तेमाल करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि छाता की शुगर फैक्ट्री में फिलहाल गन्ने की उपलब्धता मिल की क्षमता के अनुरूप नहीं है। ऐसे में यहां मक्का और धान से एथेनॉल का उत्पादन किया जाएगा। प्रस्तावित परियोजना में करीब 3.96 लाख लीटर एथेनॉल उत्पादन की क्षमता होगी। परियोजना पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। यह शुगर मिल करीब 96 एकड़ भूमि में स्थापित है।
सरकार का मानना है कि एथेनॉल प्लांट शुरू होने से बंद पड़ी इकाई का उपयोग दोबारा शुरू होगा और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई है। मंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में जब गन्ने की उपलब्धता मिल की क्षमता के अनुरूप बढ़ेगी, तब चीनी मिल को भी संचालित करने की संभावना रहेगी। इससे गन्ना किसानों को भी लाभ मिल सकेगा।
वहीं, परिवहन विभाग से जुड़े तीन प्रस्तावों को भी कैबिनेट की मंजूरी मिली है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इन प्रस्तावों की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित