मुंबई , मई 20 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इटली की उनकी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी का एक वीडियो समाने आने के बाद बुधवार को एफएमसीजी कंपनी पारले इंडस्ट्रीज का शेयर छह मिनट में छह प्रतिशत उछल गया।

कंपनी का शेयर पिछले कारोबारी दिवस पर पांच रुपये पर बंद हुआ था। आज यह 4.95 रुपये पर खुला और दोपहर तक लगातार लाल निशान में रहा। सुबह के कारोबार में एक समय यह 4.84 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया था। दोपहर 12.16 बजे यह 4.95 रुपये पर था और अगले छह मिनट में 5.86 प्रतिशत बढ़कर 5.24 रुपये पर पहुंच गया। सुश्री मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें श्री मोदी भी उनके साथ हैं। इटली की प्रधानमंत्री ने मजाकिया अंदाज में दिखाया है कि उन्हें भारतीय प्रधानमंत्री से क्या उपहार मिला है। यह पारले की मेलोडी चॉकलेटी टॉफी का एक पैकेट है।

इस वीडियो के सामने आने के बाद कंपनी के शेयर में अचानक उछाल दर्ज किया गया। खबर लिखे जाते समय कंपनी का शेयर 5.25 रुपये पर था।

कंपनी की स्थापना हाउस ऑफ पारले प्रोडक्ट्स नाम से साल 1928 में मुंबई के विले पार्ले में हुई थी और पहली फैक्ट्री 1929 में लगी। इसके संस्थापक मोहनलाल दयाल गुजरात के वलसाड के निकट पार्डी के रहने वाले थे और काम की तलाश में मुंबई आये थे। वह पेशे से दर्जी थे, लेकिन उस काम में मुनाफा कम होने के कारण उन्होंने कॉन्फेक्शनरी के क्षेत्र में हाथ आजमाया।

साल 1939 में कंपनी ने पारले ग्लूको के नाम से बिस्कुट बनाने शुरू किये जो 1980 के दशक में पारले-जी बन गया। साल 1942 में मोनैको के नाम से नमकीन क्रैकर, 1956 में चीजलिंग्स, 1963 में किस्मी, 1966 में पॉपिन्स और 1972 में क्रैकजैक बाजार में आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित