छिंदवाड़ा , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के रावनवाड़ा शिवपुरी थाना क्षेत्र के बाघबर्धिया गांव में छह माह की बच्ची की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बच्ची की मां पर उसे कुएं में फेंकने का आरोप है। पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सगोनिया गांव निवासी महेंद्र सल्लाम पिछले कुछ महीनों से अपनी ससुराल बाघबर्धिया में रह रहा था। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब चार बजे उसकी नींद खुली तो पत्नी और बेटी घर पर नहीं मिले। तलाश के दौरान बच्ची की मां गांव के पास मक्के के खेत में नीम के पेड़ के नीचे बैठी मिली। पूछने पर उसने बच्ची को कुएं में फेंकने की बात बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर एसडीओपी आकांक्षा उपाध्याय और शिवपुरी थाना प्रभारी सुंदरेश मेरावी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुएं से बच्ची का शव निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बच्ची के पिता ने बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से खराब थी। उसने यह भी कहा कि पहले पत्नी बच्ची के रोने पर उसे नदी में फेंकने की बात कह चुकी थी। हालांकि, महिला की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी स्थिति और घटना की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित