धार , मई 12 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह महीने से अपनी डेढ़ साल की बेटी से अलग रह रही महिला को उसकी बच्ची से मिलवा दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सरदारपुर क्षेत्र के ग्राम रूपारेल निवासी पूजा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति विष्णु ने करीब छह माह पूर्व उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया था और उसकी डेढ़ साल की बेटी को भी अपने पास रख लिया था। शिकायत के अनुसार घर से निकाले जाने के बाद पूजा अपने मायके लेड़गांव में रह रही थी और लगातार अपनी बच्ची को वापस पाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिली।

महिला की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति विष्णु दूसरी शादी कर चुका है। पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाइश दी कि इतनी छोटी बच्ची का अपनी मां से दूर रहना उचित नहीं है।

शुरुआत में आनाकानी के बाद पुलिस की समझाइश और दबाव के चलते आरोपी बच्ची को मां के सुपुर्द करने के लिए तैयार हो गया। शिकायत दर्ज होने के करीब चार घंटे के भीतर पुलिस ने बच्ची को उसकी मां पूजा की गोद में सौंप दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रमोद चौहान, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश्वर तिवारी, विमल कुमार त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण गामड़ और आरक्षक मुकेश बारिया की विशेष भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित