रायसेन , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के गैरतगंज तहसील अंतर्गत ग्राम परासिया के समीप एक युवक का शव मिट्टी में दबा हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान छह दिन से लापता विजय जैन के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव के एक चरवाहे ने नदी-नाले के पास मिट्टी के नीचे मानव अंग दिखाई देने पर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई के बाद मिट्टी में दबे शव को बाहर निकाला गया। मौके से बरामद चप्पल और मोबाइल के आधार पर शव की पहचान छह दिन से लापता विजय जैन के रूप में की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गैरतगंज भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। पुलिस के अनुसार युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई तथा शव को मिट्टी में दबाने के पीछे क्या कारण था, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित