जयपुर , मई 15 -- केन्द्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि देश ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इलेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में गत 12 वर्षां में बड़ी छलांग लगाई है और आज भारत में छह गुना वृद्धि के साथ इलेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग 13 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई है वहीं मोबाईल भारत से निर्यात होने वाली पहले नम्बर की वस्तु (कमोडिटी) बन गई है।
श्री वैष्णव शुक्रवार को राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में भिवाड़ी में एल्सीना इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स, 34 एमएलडी एसटीपी एवं खैरथल-तिजारा के विभिन्न विकास कार्यों शिलान्यास-लोकार्पण कार्यक्रम में नयी दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर यह बात कही। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर्स एक महत्वपूर्ण इंडस्ट्री है। आज भारत में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट हो गये हैं और विभिन्न उपकरणों की चिप्स का निर्माण हो रहा है। राजस्थान का नाम भी इस इंडस्ट्री से जुड़ गया है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रोनिक्स कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के तहत 75 प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी के इलेक्ट्रोनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में एक हजार 200 करोड़ रुपए का निवेश है। इससे लगभग 2 हजार 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। प्लांट से हर साल 6 करोड़ चिप्स की मैन्युफैक्चरिंग होगी। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत पूरे राजस्थान में 85 रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। जिनमें से 15 रेलवे स्टेशनों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसी प्रकार, अलवर का भव्य रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने वीसी के माध्यम से कहा कि भिवाड़ी में 61 करोड़ रुपए के 34 एमएलडी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया गया है वहीं 52 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 34 एमएलडी एसटीपी ट्रीटेड वाटर लाइन का शिलान्यास किया गया है। यह जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि देश के नक्शे पर भिवाड़ी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए हम संकल्पित हैं। भिवाड़ी को ऑटोमोबाईल के साथ-साथ सेमीकंडक्टर्स और इलेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
श्री यादव ने आरआरटीएस और यमुना जल समझौते की तीव्र प्रगति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित