पटना , अप्रैल 04 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को कहा कि आगामी छह अप्रैल को उनकी पार्टी 45 वर्षों की यात्रा पूरी करेगी और इस अवसर स्थापना दिवस समारोह के साथ विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री सरावगी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा इन 45 वर्षों में शून्य से शिखर तक पहुंची है और उसे विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि पार्टी की विशिष्ट विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और सरकार की उपलब्धियाँ तथा कार्यकर्ताओं के त्याग व परिश्रम की देश की जनता सराहना कर रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाज के सभी वर्गों का अपार जनसमर्थन भाजपा को मिल रहा है और पार्टी का विस्तार भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पिछले स्थापना दिवस के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी के एक बयान को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि "भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के मंत्र के साथ काम कर रही है। पार्टी का समर्पण है मां भारती को, देश के कोटि-कोटि जनों को और देश के संविधान को। आज भाजपा विकास, नए विचार और देश की विजय का पर्याय है।"श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार भाजपा की कार्यशैली सर्वसमावेशी है, सर्वस्पर्शी है, सर्वजन का हित करने वाली है। भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं, एक विचार है जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण, तथा जन कल्याण है। उन्होंने कहा कि भाजपा मतलब मिशन, समाज सेवा, समाज का सशक्तिकरण तथा नए भारत का निर्माण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित