कानपुर , मार्च 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि आगामी छह अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस पूरे क्षेत्र में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों पर भाजपा का झंडा फहराएं और इस दिन को संगठन के प्रति समर्पण के रूप में मनाएं। क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित मॉनिटरिंग टोली की बैठक में उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए सेवा और समर्पण का संकल्प दिवस है। बैठक में निर्णय लिया गया कि चल रहे मंडल प्रशिक्षण वर्गों में कार्यकर्ताओं का रात्रि प्रवास अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे संगठनात्मक मजबूती और संवाद को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने बताया कि 28-29 मार्च को निर्धारित प्रशिक्षण वर्गों में 29 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना जाएगा, ताकि कार्यकर्ता उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें। प्रकाश पाल ने निर्देश दिए कि स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर सभी भाजपा कार्यालयों को बिजली की झालरों और फूलों से सजाया जाए। साथ ही 6 अप्रैल को जिला, मंडल और बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर इसे भव्य रूप से मनाया जाए।
भाजपा नेता ने बताया कि क्षेत्र के 17 जिलों में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए तीन-तीन पदाधिकारियों को संयोजक और सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, रीता शास्त्री, मोहित सोनकर, हर्ष द्विवेदी, पवन पांडे, आलोक शुक्ला, सचिन गौड़, अर्शी सुल्तान और सौरभ कमल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित