बारां , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में बारां जिले के छबड़ा में किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर हुए आंदोलन के बाद किसान नेता नरेश मीणा की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पुलिस के अनुसार छबड़ा थाने में उनके खिलाफ राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, खाद वितरण के दौरान लोगों को उकसाने, रास्ता रोकने और अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार, यह मामला छबड़ा के सहायक कृषि अधिकारी सुरेश मालव की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नरेश मीणा ने पिछले दिनों छबड़ा में आंदोलन किया था। इसी घटनाक्रम के बाद कृषि विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई और जांच के बाद ही आरोपों से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद श्री मीणा ने आरोप लगाते हुए कहा है कि दबाव बनाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि पंचायत राज चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से उन्हें दोबारा जेल भेजने की कोशिश की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि पंचायत राज चुनाव में जनता हाथी चुनाव चिह्न पर मतदान करेगी और उनका मोर्चा बोर्ड बनाएगा।
पंचायत राज चुनाव की तैयारियों के बीच नरेश मीणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने से जिले की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। वह अपने समर्थकों के साथ जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव में प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में इस घटनाक्रम का चुनावी गतिविधियों पर क्या असर पड़ता है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित