भदोही , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में बुधवार को घर की छत से उतरते समय गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने दिव्यांग पति और बेटे के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, त्रिलोकपुर निवासी बासमती देवी छत से उतर रही थीं, तभी अचानक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें ऑटो से औराई ट्रामा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पति मोतीलाल दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। परिवार में उनका इकलौता बेटा रवि शंकर है। बासमती देवी मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाती थीं और अपने पति की देखभाल भी करती थीं।

मोतीलाल ने बताया कि वह जन्म से ही दिव्यांग हैं। शादी के बाद माता-पिता का निधन हो गया था। इसके बाद बासमती देवी ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों में उनका साथ दिया। मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करने के साथ उन्होंने बेटे को पढ़ाया-लिखाया और पति की हर जरूरत का ध्यान रखा।

घटना की सूचना मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य भी ट्रामा सेंटर पहुंचे। चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी और बताया कि इससे दुर्घटना बीमा का लाभ लेने में मदद मिल सकती है। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को ऑटो से घर ले गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित