ग्रेटर नोएडा , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव में एक युवक की छत की बालकनी से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई उन्होंने बताया कि, गत रविवार को ईकोटेक तृतीय थाना को जिला चिकित्सालय से मीमो के माध्यम से सूचना मिली कि शिवम (28 वर्ष) पुत्र रामनरेश, मूल निवासी ग्राम बखरिया, थाना पिहानी, जनपद हरदोई तथा वर्तमान निवासी कुलेसरा गांव, को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है।
सूचना पर ईकोटेक तृतीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शिवम लगभग 15 दिन पहले ही कुलेसरा गांव में किराये के मकान में रहने आया था। शनिवार रात वह सोने के लिए मकान की छत की बालकनी पर गया था। इसी दौरान देर रात किसी समय वह छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित