रायपुर , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग में 36 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद अपर संचालक जे.एल. दरियो की सेवानिवृत्ति के बाद शनिवार को उन्हें गरिमामय विदाई दी गयी।

नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित विदाई समारोह में आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल सहित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री दरियो को भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर आयुक्त जनसंपर्क ने श्री दरियो की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और दीर्घ सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

अपर संचालक उमेश मिश्रा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अविभाजित मध्य प्रदेश के इंदौर से स्थानांतरण के दौरान श्री दरियो ने कार्यभार संभालते हुए विभागीय जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया।

अपर संचालक संजीव तिवारी ने दरियो की सरलता, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और प्रशासनिक दक्षता की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का संचालन अपर संचालक आलोक देव ने किया। उन्होंने श्री दरियो के सेवाकाल और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अपने उद्बोधन में श्री दरियो ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित