केशकाल/कोंडागांव , जनवरी 26 -- छत्तीसगढ के बस्तर संभाग के जीवनरेखा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में सोमवार को तीन ट्रकों के आपस में टकराने के बाद एक ट्रक के पलट जाने से राजमार्ग में पूरी तरह से जाम लग गया।

बस्तर संभाग की जीवन रेखा कही जाने वाली सड़क में आज एक बड़ा जाम लग गया है। दोपहर के समय तीन ट्रक आपस में टकरा जाने से एक ट्रक घाट नंबर पांच में पलट गया। केशकाल घाट में कुल 12 घाट हैं, जहां ट्रक पलटा है वह लगभग बीच का हिस्सा है। केशकाल थाना पुलिस जेसीबी क्रेन आदि के साथ मौके पर है, लेकिन यातायात की बहाली में काफी वक्त लग सकता है।

थाना प्रभारी विकास बघेल ने वार्ता को बताया कि फिलहाल ट्रैफिक जाम है, क्रेन जेसीबी आदि आधुनिक मशीनों के जरिए यातायात बहाली के लिए काम किया जा रहा है। घटना केशकाल घाट के पांचवें मोड़ पर हुई। टक्कर के बाद एक ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। इस दुर्घटना के तुरंत बाद ही दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहन फंसने लगे और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस हादसे में किसी के भी मौत की खबर नहीं है।

यातायात बाधित होने के कारण सैकड़ों यात्री परेशानी का सामना कर रहे हैं, विशेषकर लंबी दूरी की यात्री बसों में सफर कर रहे लोग, उन्हें जाम खुलने के समय के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग सक्रिय कर दिया है। अब यात्री बसों व अन्य वाहनों को केशकाल से विश्रामपुरी होते हुए धमतरी के रास्ते रायपुर के लिए डायवर्ट किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस की टीम क्रेन सहित मौके पर पहुंच गई है और जाम हटाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, ट्रक को साइड में हटाने और यातायात सामान्य करने में काफी लंबा समय लग सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित