राजनांदगांव , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के कड़े निर्देशों के बाद खनिज विभाग की टीम ने डोंगरगांव और छुरिया तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में संलिप्त वाहनों को जब्त किया है।
यह जानकारी बुधवार को जिला प्रशासन ने दी। खनिज विभाग के अमले द्वारा डोंगरगांव तहसील के ग्राम खुज्जी, बघमार, साल्हे, लक्ष्मणभरदा, गनेरी-मनेरी, नादिया और छुरिया तहसील के नागरकोहरा, बरछाटोला, कल्लूटोला, मोतीपुर एवं बंशीबंजारी क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेत और मुरूम का अवैध खेल धड़ल्ले से चलते पाया गया, जिस पर विभाग ने तत्काल एक्शन लिया।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने निम्नलिखित वाहनों को अवैध गतिविधियों में लिप्त पाकर जब्त किया। जिसमें नागरकोहरा निवासी भारत साहू के स्वामित्व वाली जेसीबी और हाईवा को मुरूम-मिट्टी के अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। इन्हें थाना चिचोला की सुपुर्दगी में दिया गया है। इसी तरह ट्रैक्टर (रेत अवैध परिवहन) पाण्डुका निवासी तिरथदास साहू का जॉन डियर ट्रैक्टर और लक्ष्मणभरदा निवासी भानूराम गोड़ का स्वराज ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते पकड़े गए। इन दोनों वाहनों को थाना डोंगरगांव की अभिरक्षा में सौंपा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सभी प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार की औचक जांच जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित