सूरजपुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को आगजनी की चार से पांच अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। जिले के बिश्रामपुर, कल्याणपुर, चन्द्रपुर, बैजनाथपुर सहित अन्य क्षेत्रों में मकान, दुकान और प्लांटेशन में आग लगने की घटनाएं सामने आईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज गर्मी और सूखे मौसम के बीच अलग-अलग स्थानों पर अचानक आग भड़क उठी। कहीं रिहायशी मकान आग की चपेट में आए तो कहीं दुकानों और प्लांटेशन क्षेत्र में आग फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अधिकारियों ने बताया कि सभी घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि आगजनी से प्रभावित लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। भीषण गर्मी और तेज लपटों के बीच दमकल कर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

प्रशासन ने लोगों से गर्मी के मौसम में सतर्कता बरतने और आग से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित