रायपुर , जून 30 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने राष्ट्रीय निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान के तहत प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले ने निर्धारित 8,785 की लक्ष्य आबादी के मुकाबले 7,931 बालिकाओं का टीकाकरण कर 90 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है।
मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्र होने के बावजूद बलरामपुर-रामानुजगंज जिला राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण बनकर उभरा है। प्रशासनिक समन्वय, विभागीय सहयोग और जनसहभागिता के बल पर कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी बेहतर परिणाम प्राप्त किए गए हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी को शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है।
राज्य सरकार ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मातृ एवं बाल स्वास्थ्य तथा जनस्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित