रायपुर , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 21 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले संस्करण के लिए सोमवार को छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा की गई।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है। प्रतियोगिता में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि विजेता टीम को 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
राजधानी के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने लीग की फ्रेंचाइजी और टीमों की घोषणा की। इस दौरान ड्रॉ के माध्यम से फ्रेंचाइजी को टीमों का आवंटन किया गया तथा सभी छह टीमों की जर्सी का अनावरण किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। इसमें छह टीमों के बीच 18 पुरुष मुकाबले और एक प्रदर्शनी महिला हॉकी मैच खेला जाएगा।
लीग में चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, राजधानी रॉयल्स की बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड तथा बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड को दी गई है।
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 18 स्थानीय और चार अतिथि खिलाड़ी रहेंगे। इस प्रकार प्रतियोगिता में प्रदेश के 108 स्थानीय तथा 24 अतिथि खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक टीम में एक अनुभवी ओलंपियन को प्रमुख खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है।
लीग में पूर्व ओलंपियन एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर विभिन्न टीमों की अगुवाई करेंगे। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रदेश के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरदार सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी का लीग से जुड़ना युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।
श्री साव ने लीग से जुड़ने वाले सभी छह फ्रेंचाइजी संचालकों और प्रायोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में हॉकी के विकास के लिए सरकार और निजी संस्थानों की साझेदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
लीग एंबेसडर सरदार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य सरकार की यह पहल स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि लीग का एंबेसडर बनना उनके लिए प्रदेश की युवा प्रतिभाओं के विकास में योगदान देने का अवसर है।
प्रतियोगिता के लिए कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को छह लाख रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत पुरस्कारों के लिए चार लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
प्रत्येक मुकाबले के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दस हजार रुपये तथा प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और 21 वर्ष से कम आयु वर्ग के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
लीग के दौरान प्रतिदिन पहला मुकाबला शाम साढ़े पांच बजे और दूसरा मुकाबला शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर पूर्व दिग्गज हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा।
लीग के लिए बाघ को शुभंकर बनाया गया है, जिसका नाम 'बघवा' रखा गया है। वहीं, 'चलो रे संगी हॉकी खेलबो' प्रतियोगिता की टैगलाइन निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, रेणुका यादव सहित विभिन्न फ्रेंचाइजी और प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित