रायपुर , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के पहले संस्करण में मैनपाट टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में रविवार रात खेले गए फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से पराजित कर पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स की ओर से मोहित नायक ने दो गोल किए, जबकि अभिषेक यादव और प्रहलाद राजभर ने एक-एक गोल का योगदान दिया। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक स्कोर दो-दो की बराबरी पर था, लेकिन अंतिम क्वार्टर में मोहित नायक के दो शानदार गोल ने मैनपाट टाइटन्स की जीत सुनिश्चित कर दी।
खिताबी मुकाबले के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई थी। विजेता मैनपाट टाइटन्स को 11 लाख रुपये और उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को छह लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
लीग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया, जबकि 13 गोल करने वाले आशीष तानी पूर्ति को सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और मोहित नायक को सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। संदीप कुमार को अंडर-21 वर्ग में इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए मोहित नायक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के अभिषेक को स्ट्राइकर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती हैं।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया की मान्यता से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल थीं।
गत 21 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित 12 दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय खिलाड़ियों को प्रदीप, शमशेर, ललित उपाध्याय, युवराज वाल्मीकि, चिंगलेनसाना सिंह, सुरेंद्र कुमार और एसवी सुनील जैसे अनुभवी भारतीय हॉकी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिला।
आयोजकों के अनुसार प्रदेश में पहली बार आयोजित इस राज्यस्तरीय हॉकी लीग का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना, उनकी खेल प्रतिभा को निखारना और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर तैयार करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित