रायपुर , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से पराजित कर जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है।
रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में गुरुवार रात को खेले गए इस मुकाबले में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को शिकस्त दी। विजेता टीम के लिए चिराग और केतन कुशवाहा ने एक-एक गोल किया, जबकि राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने एकमात्र गोल दागा। केतन कुशवाहा को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
मुकाबले के शुरुआती चरण से ही न्यायधानी नाइट्स ने आक्रामक रुख अपनाया। मैच के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। उनके तेज फ्लिक को राजधानी रॉयल्स के पहले रशर और गोलकीपर हिमांशु मलिक रोक नहीं सके। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने शानदार मैदानी गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। उन्होंने विपक्षी टीम के रक्षकों को छकाकर गेंद गोलपोस्ट में पहुंचाई।
इसके एक मिनट बाद न्यायधानी नाइट्स को पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त बढ़ाने का अवसर मिला, लेकिन टीम उसे भुना नहीं सकी। राजधानी रॉयल्स के कप्तान ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामकता बढ़ाकर वापसी की कोशिश की। हालांकि, टीम को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर भी गोल नहीं हो सका।
न्यायधानी नाइट्स की रक्षापंक्ति ने पूरे मुकाबले में प्रभावी प्रदर्शन किया। सुरेंद्र सिंह ने विपक्षी खिलाड़ियों को डी क्षेत्र में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। रक्षकों ने लगातार गेंद को खतरे के क्षेत्र से बाहर निकालकर राजधानी रॉयल्स के गोल करने के प्रयासों को विफल किया। दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में अनिकेत कुजूर के लिए दिए गए पास को रोकने के प्रयास के दौरान सुरेंद्र सिंह के चेहरे पर चोट भी लगी।
दूसरे हाफ में संजीत तिर्की द्वारा स्टिक चेक किए जाने के कारण न्यायधानी नाइट्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इस अवसर को गोल में नहीं बदल सकी। इसके बाद मिले एक और मौके पर भी सफलता हाथ नहीं लगी। केतन कुशवाहा ने विपक्षी टीम के डी क्षेत्र में कई बार गोल करने का प्रयास किया, लेकिन उनके शॉट सटीक नहीं रहे। तीसरे क्वार्टर में राजधानी रॉयल्स के खिलाड़ियों ने भी आक्रमण तेज किया, मगर अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी के चलते गोल नहीं हो सका।
चौथे क्वार्टर में मुकाबले की गति कुछ धीमी पड़ गई। राजधानी रॉयल्स पर पिछड़ने के बाद वापसी का दबाव था, लेकिन टीम की अग्रिम पंक्ति गोल के अवसरों को भुनाने में नाकाम रही। इसी दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हुई। राजधानी रॉयल्स के पहले रशर प्रेमचंद सोय और न्यायधानी नाइट्स के चिराग आपस में टकराकर मैदान पर गिर पड़े। इसके कारण कुछ समय के लिए खेल रोकना पड़ा। मुकाबला दोबारा शुरू होने के बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ और न्यायधानी नाइट्स ने 2-1 से जीत अपने नाम कर ली।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगी।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के तहत कल खेले गए महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। इंद्रावती टाइग्रेस की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल कर जीत में अहम योगदान दिया। लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने भी एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।
इंद्रावती टाइग्रेस ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखते हुए आक्रामक खेल दिखाया। टीम का लगभग 60 प्रतिशत समय तक गेंद पर कब्जा रहा। इसके विपरीत महानदी फाल्कन्स के खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी नजर आई और अग्रिम पंक्ति भी अपेक्षित आक्रामकता नहीं दिखा सकी। बेहतर रणनीति, गेंद पर नियंत्रण और लगातार हमलों के दम पर इंद्रावती टाइग्रेस ने 4-1 से मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) प्रदेश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। लीग का उद्देश्य प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों का अनुभव प्राप्त करने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
लीग का पहला संस्करण 21 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं।
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर के राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के चार खिलाड़ी शामिल हैं। लीग के माध्यम से प्रदेश में हॉकी के खेल तंत्र को मजबूत बनाने, उभरते खिलाड़ियों को अधिक अवसर देने और राष्ट्रीय खेल हॉकी के निरंतर विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
'चलो रे संगी, हॉकी खेलबो' के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह लीग छत्तीसगढ़ की खेल पहचान, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी के क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती आकांक्षाओं को सामने ला रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित