रायपुर , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा का प्रथम सत्र (बजट सत्र) 23 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सत्र की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें वित्तीय एवं शासकीय कार्यों के साथ-साथ महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी संपादित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सत्र की शुरुआत सोमवार 23 फरवरी प्रातः 11:05 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को चर्चा निर्धारित है। अभिभाषण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन एवं आकाशवाणी, रायपुर से किया जाएगा।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 24 फरवरी अपराह्न 12:30 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्यय (बजट) प्रस्तुत करेंगे। बजट भाषण का भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय पर सामान्य चर्चा 26 एवं 27 फरवरी को होगी।
उन्होंने बताया कि 17 मार्च को विनियोग विधेयक का पुनर्स्थापन तथा 18 मार्च 2026 को विनियोग विधेयक पर चर्चा एवं पारण की तिथि निर्धारित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित