रायपुर , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले के पहले दिन बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे 5,018 युवाओं ने पंजीयन कराया। मेले में 8,720 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया संचालित की जा रही है। पहले दिन दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।

रोजगार मेले में गुजरात सहित विभिन्न राज्यों की कंपनियां और संस्थान भाग ले रहे हैं। आयोजन में 85 निजी कंपनियों एवं संस्थानों ने युवाओं के चयन की प्रक्रिया में भागीदारी की। ऑनलाइन आवेदन करने वाले प्रदेश के विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों ने भी मेले में पहुंचकर साक्षात्कार दिए। कई युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के प्रस्ताव मिले हैं। आठ अक्टूबर को चयनित अभ्यर्थियों को प्रस्ताव पत्र वितरित किए जाएंगे।

मेले में तकनीकी, विनिर्माण, परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, वित्तीय सेवाओं और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय और अप्रेंटिस सहित विभिन्न पद शामिल हैं।

उपलब्ध रिक्तियों में तकनीकी और विनिर्माण क्षेत्र के करीब 4,800 पद, लॉजिस्टिक्स एवं परिवहन क्षेत्र के 1,600 पद, सुरक्षा सेवाओं के 650 पद तथा स्वास्थ्य देखभाल एवं संबंधित सेवाओं के करीब 580 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए दसवीं और बारहवीं उत्तीर्ण युवाओं के अलावा आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यताधारी अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया जा रहा है।

रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित अनेक कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।

इस बीच रोजगार मेले में पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों ने आयोजन स्थल पर पेयजल, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष भी व्यक्त किया। भिलाई से आए अभ्यर्थी मानस ने बताया कि उन्होंने डिप्लोमा की योग्यता के आधार पर पंजीयन कराया है। मेले में कई कंपनियां साक्षात्कार ले रही हैं और वह अब तक तीन-चार से पांच कंपनियों में साक्षात्कार दे चुके हैं। कुछ कंपनियों ने उनका विवरण दर्ज कर आगे की चयन प्रक्रिया के लिए बुलाने की बात कही है।

मानस ने कहा कि इस तरह के रोजगार शिविरों में सुविधाओं और प्रबंधन पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि गर्मी और शरीर में पानी की कमी की आशंका को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए था।

इसी प्रकार अभनपुर से पहुंचे अभ्यर्थी ओमप्रकाश नौरंगे ने बताया कि उन्होंने अकाउंटेंट, फील्ड वर्क और सुपरवाइजर से संबंधित पदों के लिए अलग-अलग कंपनियों के काउंटर पर जानकारी प्राप्त की। संबंधित कंपनियों ने पंजीयन के दौरान उनका नाम और मोबाइल नंबर दर्ज किया तथा आगे संपर्क कर साक्षात्कार के लिए बुलाने की जानकारी दी।

नौरंगे ने आयोजन स्थल पर भोजन और पेयजल की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि वह सुबह से मेले में मौजूद हैं और काफी देर तक कतार में खड़े रहने के बावजूद भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं मिल सकी। उनके अनुसार, पेयजल के लिए टैंकर लगाए गए हैं, लेकिन पानी पीने के लिए गिलास तक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के जिलों से आने वाले युवाओं की संख्या को देखते हुए भोजन और पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए थी।

इधर, संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) ने बताया कि राज्य स्तरीय रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग प्रमुख उद्योगों और नियोजकों से लगातार संपर्क कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित