रायपुर , नवंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव 2026 के अंतर्गत दिए जाने वाले राज्य अलंकरणों एवं पुरस्कारों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पत्रकारिता, साहित्य, कला, संस्कृति, खेल, कृषि, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, श्रम, विधि और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को कुल 41 राज्य अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

राजधानी रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्कृति मंत्री ने बताया कि राज्योत्सव के अंतर्गत विभिन्न विभागों के माध्यम से इन पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा। इनमें संस्कृति विभाग के 14 तथा अन्य विभागों के 27 पुरस्कार शामिल हैं।

जारी सूची के अनुसार शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के दुमन लाल ध्रुव, यति यतनलाल सम्मान दुर्ग के विश्व गीता धेनु गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी तथा गुंडाधुर सम्मान कोरबा की संजू देवी को प्रदान किया जाएगा।

मिनीमाता सम्मान (महिला उत्थान) गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान, गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान कबीरधाम के सुखचंद भास्कर तथा ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार बस्तर की प्राथमिक कृषक मत्स्य सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट को दिया जाएगा।

कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान बालोद के तोमन कुमार, पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान रायपुर के डॉ. बिहारिलाल साहू और चक्रधर सम्मान रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को प्रदान किया जाएगा।

दाऊ मंदराजी सम्मान रायपुर की रेखा जलक्षत्री, डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम के पुन्नीदास भट्ट तथा महाराजा अग्रसेन सम्मान रायपुर के बाबूलाल अग्रवाल को मिलेगा।

पत्रकारिता के क्षेत्र में चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार (प्रिंट मीडिया हिंदी) रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को प्रदान किया जाएगा। चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिंदी) के लिए रायपुर बरुण सखाजी और रसिका पांडेय का चयन किया गया है। वहीं, माधवकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार (प्रिंट मीडिया अंग्रेजी) रायपुर के शिशिर रॉय चौधरी को दिया जाएगा।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में धन्वन्तरि सम्मान धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग तथा मत्स्य पालन के क्षेत्र में विलासादेवी केवट मत्स्य विकास सम्मान बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को प्रदान किया जाएगा।

संस्कृत भाषा के क्षेत्र में राजा श्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल, आदिवासियों की सेवा और आर्थिक उत्थान के लिए डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान रायपुर के सत्य साईं संजीवनी अस्पताल तथा श्रम के क्षेत्र में स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार बलौदाबाजार की अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह, सीमेंट वर्क्स को प्रदान किया जाएगा।

अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव, छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दीपाली सरावगी तथा किशोर साहू सम्मान रायपुर के सैयद ताहिर अली (करन खान) को दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ी लोकगीत के क्षेत्र में लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान दुर्ग की साधना यादव, पंथी नृत्य के क्षेत्र में देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार रायपुर के सी.एल. रात्रे, छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के क्षेत्र में खुमान साव सम्मान रायपुर के ब्रह्मभूषण वर्मा तथा आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के क्षेत्र में लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकर को प्रदान किया जाएगा।

हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के लिए किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण रायपुर के मोहन सुंदरानी को दिया जाएगा। विधि के क्षेत्र में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान कौस्तुभ शुक्ला और हेमन्त कुमार मिश्र को प्रदान किया जाएगा।

महिलाओं के उत्थान के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान कांकेर की लालबुजुंद बैद्या, रचनात्मक लेखन और हिंदी भाषा के क्षेत्र में पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय तथा पंडवानी कला के क्षेत्र में डॉ. तीजन बाई सम्मान दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित