रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर आयोजित राज्योत्सव समारोह में भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध स्काईडाइविंग टीम 'आकाशगंगा' अपने साहसिक करतबों और सटीक पैराशूटिंग कौशल का प्रदर्शन करेगी। इस दौरान वायु सेना के प्रशिक्षित जवान हजारों फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर दर्शकों को सैन्य स्काईडाइविंग की रोमांचक झलक दिखाएंगे।
आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम इस प्रदर्शन में हिस्सा लेगी। टीम में शामिल सभी सदस्य उच्च प्रशिक्षित पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टर (पीजेआई) हैं। ये जवान आगरा स्थित पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) के एएन-32 विमान से करीब 8,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाएंगे। प्रदर्शन के दौरान पैराशूट संचालन में सटीकता, आपसी समन्वय और सैन्य प्रशिक्षण की दक्षता देखने को मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की 'आकाशगंगा' टीम का गठन 10 अगस्त 1987 को वायु सेना स्टेशन आगरा में किया गया था। लगभग चार दशकों से यह टीम देश के विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों में साहसिक स्काईडाइविंग प्रदर्शन करती रही है। आगरा के पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल से संबद्ध यह टीम सैन्य पैराशूटिंग के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है।
टीम की प्रमुख उपलब्धियों में वर्ष 2019 के गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान 20 गुणा 30 फीट के राष्ट्रीय ध्वज के साथ विशेष कैनोपी फॉर्मेशन का प्रदर्शन शामिल है। इस तरह के करतबों में पैराशूट के नियंत्रण, निर्धारित दूरी बनाए रखने और टीम के सदस्यों के बीच सटीक तालमेल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित