रायपुर , नवंबर 01 -- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव 2026 के राज्य अलंकरण समारोह में इस बार दो नए सम्मानों की शुरुआत की जा रही है। प्रदेश की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर पहली बार राज्य अलंकरण प्रदान किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

संस्कृति विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार राज्योत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले राज्य अलंकरण समारोह में इस वर्ष कुल 41 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें संस्कृति विभाग के 14 तथा अन्य विभागों के 27 पुरस्कार शामिल हैं। कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रमिक कल्याण और सामाजिक जागरूकता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को इन सम्मानों से नवाजा जाएगा।

राज्य अलंकरण के लिए संबंधित विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के नाम प्रस्तावित करते हैं। प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर निर्धारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से सम्मान के लिए पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 के राज्योत्सव में 34 श्रेणियों के अंतर्गत राज्य अलंकरण प्रदान किए गए थे। हालांकि, कुछ श्रेणियों में एक से अधिक व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किए जाने के कारण पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की कुल संख्या 34 से अधिक रही थी।

पिछले वर्ष सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से यति यतनलाल, पंडित रविशंकर शुक्ल और महाराजा अग्रसेन सम्मान प्रदान किए गए थे। वहीं, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति, गुरु घासीदास और डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान दिए गए थे।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत गुण्डाधुर और महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान प्रदान किए गए थे। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मिनीमाता, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति और माता बहादुर कलारिन सम्मान के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया था।

प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, साहित्यिक उपलब्धियों और लोककलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्कृति एवं पर्यटन विभाग ने हबीब तनवीर, पंडित सुंदरलाल शर्मा, चक्रधर, दाऊ मंदराजी, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य, किशोर साहू, किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण, लक्ष्मण मस्तुरिया और लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार प्रदान किए थे।

इसी प्रकार पत्रकारिता और रचनात्मक लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जनसंपर्क विभाग द्वारा चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता, मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता और पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान दिए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित