रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में एक से तीन नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' की थीम पर आयोजित इस समारोह में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोककला, पारंपरिक शिल्प और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

राज्य सरकार से शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में आयोजित राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि होंगे। दो नवंबर के कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि तीन नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समापन समारोह में शिरकत करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस वर्ष के राज्योत्सव में महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों में जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और प्रदेश की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रदर्शनियों में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ मिशन सहित विभिन्न विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त शिल्पग्राम में प्रदेश की पारंपरिक हस्तकला, लोकशिल्प और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

राज्योत्सव का एक प्रमुख आकर्षण सोमवार को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का प्रदर्शन होगा। सुबह 11 बजे आयोजित एयर शो में पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के माध्यम से वायुसेना के पायलट सामूहिक उड़ान, आकर्षक हवाई संरचनाओं और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।

ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन करने वाली सारंग टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। यह एयर शो भारतीय वायुसेना की उड़ान दक्षता, अनुशासन और स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा।

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन शाम चार बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद शाम सात बजे से राज्य स्तरीय और रात आठ बजे से राष्ट्रीय कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे।

रविवार को प्रसिद्ध पार्श्व गायिका पलक मुच्छल, दो नवंबर को स्वस्ति मेहुल और तीन नवंबर को पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं की प्रस्तुतियां भी होंगी।

राज्य स्तरीय समारोह के अतिरिक्त प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में दो नवंबर को राज्योत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभागीय प्रदर्शनियों और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से जिलों की सांस्कृतिक पहचान तथा विकास कार्यों को सामने लाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित