रायपुर , जून 16 -- छत्तीसगढ़ में 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" निर्धारित की गई है। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का संभावित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सरगुजा जिले में आयोजित किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य के सभी जिलों में योग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थलों पर अनिवार्य रूप से योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। आयुष विभाग और समाज कल्याण विभाग को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा जिला स्तर पर अधिकतम जन-सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 21 जून को ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा नीट की पुनः परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। ऐसे में योग दिवस कार्यक्रमों के कारण परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि भारत सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। 14 जून से प्रतिदिन सुबह 6.15 बजे से 7.35 बजे तक ऑनलाइन योग अभ्यास सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कराया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा योग संगम पोर्टल-2026 प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से विभिन्न संस्थाएं, विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय, स्वायत्तशासी संस्थाएं, सार्वजनिक उपक्रम, योग संस्थान तथा सामुदायिक संगठन 21 जून को आयोजित कार्यक्रमों के लिए पंजीयन कर सकेंगे तथा आयोजन के बाद विवरण एवं फोटोग्राफ अपलोड कर सकेंगे।
शासन के सभी विभागों के सचिवों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को अधीनस्थ संस्थाओं एवं कार्यालयों का पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित कराने तथा आयोजन उपरांत जानकारी अपलोड कराने के निर्देश दिए गए हैं। पंजीयन के लिए आयुष मंत्रालय का योग संगम पोर्टल उपलब्ध है।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद सहित नगरीय प्रशासन, वाणिज्यिक कर, कृषि, श्रम, आयुष विभाग तथा योग आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित