गरियाबंद , अप्रैल 29 -- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणामों में गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले से कुल पांच विद्यार्थियों ने मेरिट में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

10वीं बोर्ड परीक्षा में कोपरा शिशु मंदिर हाई स्कूल के छात्र नोबेल कुमार साहू (पिता रुपनारायण साहू) ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया है।

वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा में जिले के चार विद्यार्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाई है। आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल गरियाबंद की छात्रा महक सचदेवा (पिता विजय सचदेवा) ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 7वां स्थान प्राप्त किया। फिंगेश्वर ब्लॉक के कौंदकेरा हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा तनीषा साहू (पिता संजय साहू) ने 96.80 प्रतिशत के साथ 8वां स्थान हासिल किया।

इसी क्रम में 10वें स्थान पर संयुक्त रूप से विद्यारानी साहू (पिता सुरेश साहू), शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सड़क परसुली तथा प्रेमिन सोनकर (पिता देवीचरण सोनकर), शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल राजिम ने 500 में से 482 अंक (96.40 प्रतिशत) प्राप्त कर मेरिट सूची में स्थान बनाया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर, शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित