सरगुजा , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा में कलेक्टर अजीत बसंत के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा "सही दवा, शुद्ध आहार - यही छत्तीसगढ़ का आधार" थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत हो गयी। यह अभियान 27 अप्रैल से 11 मई तक संचालित किया जाएगा।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में गुणवत्तायुक्त दवाओं एवं खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।
अभियान के प्रथम चरण में शहरी क्षेत्रों में कॉस्मेटिक उत्पादों के थोक विक्रेताओं, होलसेलर्स, फार्मेसी संचालकों एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान विभिन्न उत्पादों का परीक्षण किया गया, जिसमें कुछ स्थानों पर बिना बिल के कॉस्मेटिक उत्पादों के विक्रय के मामले सामने आए हैं।
निरीक्षण के दौरान पैक्ड एवं खुले उत्पादों के विक्रय बिल पर अंकित आवश्यक जानकारियों की भी जांच की गई। साथ ही हेयर डाई, नेल पॉलिश, क्रीम, डीसी एवं लिक्विड, गंधक उत्पाद और मिनरल ऑयल सहित विभिन्न कॉस्मेटिक उत्पादों का परीक्षण किया गया।
गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चयनित उत्पादों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार आगामी दिनों में अभियान लगातार जारी रहेगा और अन्य औषधि एवं संबंधित उत्पादों के नमूने भी लिए जाएंगे।
इस दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित