रायपुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने आपातकालीन सहायता सेवाओं को आधुनिक और त्वरित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 'नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112' सेवा के तहत 22 अत्याधुनिक वाहनों को बेड़े में शामिल किया है। राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई व्यवस्था के तहत 18 डायल-112 वाहन, तीन हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और एक फॉरेंसिक वाहन शामिल किए गए हैं। सभी वाहन अत्याधुनिक जीपीएस, उन्नत संचार प्रणाली और आधुनिक उपकरणों से लैस हैं, जिससे कंट्रोल रूम को रियल टाइम लोकेशन मिलेगी और आपात स्थिति में पुलिस बल तेजी से मौके पर पहुंच सकेगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। "एक नंबर, अनेक माध्यम, त्वरित सहायता" की अवधारणा पर आधारित डायल-112 सेवा प्रदेशवासियों को संकट की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि नई तकनीक आधारित इन वाहनों से पुलिस की रिस्पॉन्स टाइमिंग बेहतर होगी और कानून व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित