रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ में भारत सरकार की नई 'इम्प्रूव्ड राईस स्कीम' को आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 से लागू करने के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को रायपुर में एक राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), मार्कफेड, छत्तीसगढ़ राईस मिल एसोसिएशन तथा प्रदेशभर के राईस मिलर्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए रीना बाबा साहेब कंगाले ने कहा कि भारत सरकार 'इम्प्रूव्ड राईस स्कीम' को प्राथमिकता के साथ लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए राज्य की राईस मिलों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तकनीकी रूप से उन्नत करना आवश्यक होगा। उन्होंने कहा कि मिलर्स द्वारा दिए गए सुझावों एवं समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे।
बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 से लागू होने वाली योजना के विभिन्न प्रावधानों, गुणवत्ता मानकों, भंडारण व्यवस्था, अनुबंध प्रक्रिया, लागत तथा क्रियान्वयन संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से 10 प्रतिशत अरवा ब्रोकन चावल एवं पांच प्रतिशत उसना ब्रोकन चावल के निर्धारित मानकों की जानकारी दी।
राईस मिल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कार्यशाला में व्यवहारिक समस्याओं और सुझावों को प्रमुखता से रखा। मिलर्स ने उन्नत धान किस्मों की खेती को बढ़ावा देने, भारतीय खाद्य निगम में रैक मूवमेंट तेज करने तथा मिलिंग लागत में वृद्धि जैसे मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया। साथ ही योजना के सफल संचालन के लिए तकनीकी और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला में राईस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष कान्ति लाल बोथरा, महामंत्री विष्णु बिंदल, कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने योजना लागू करने से पहले कार्यशाला आयोजित करने के लिए खाद्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मार्कफेड के एमडी जितेन्द्र शुक्ला, भारतीय खाद्य निगम के जीएम दीपक शर्मा सहित खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं राईस मिलर्स एसोसिएशन के 60 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित