रायपुर , जून 10 -- खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव से हॉकी इंडिया के सह-सचिव फ़िरोज़ अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुलाकात कर छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में हॉकी खेल के विकास और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल में हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष मनोज भोरे और लालरिनफेला, कार्यकारिणी सदस्य अरुण सारस्वत तथा जूनियर भारतीय हॉकी टीम के कोच एवं पूर्व ओलंपियन रजनीश मिश्रा शामिल थे।

बैठक के दौरान छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और मिजोरम में खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने खेलो इंडिया की योजनाओं और गतिविधियों की सराहना करते हुए इनके दायरे को और व्यापक बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि अधिकाधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और अवसर उपलब्ध हो सकें।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ में हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता और उभरती प्रतिभाओं को देखते हुए नए हॉकी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई। इस दौरान सरगुजा, कबीरधाम, कोरबा तथा दुर्ग में अतिरिक्त हॉकी सेंटर शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अधोसंरचना और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिल सके।

बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में हॉकी प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार से राज्य से और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के उभरने की संभावना है।

खेलो इंडिया के उप महानिदेशक श्रीवास्तव ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए खेल विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और देश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए सभी राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार कार्य किया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित