रायपुर , जुलाई 17 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वतंत्रता दिवस-2026 के राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय आयोजनों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस वर्ष राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी शासकीय समारोहों में इसके सामूहिक गायन को अनिवार्य किया गया है।
आज जारी निर्देशों के अनुसार राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह नौ बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम संदेश देंगे। समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी तथा बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।
जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद पंचायत अध्यक्ष तथा नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में संबंधित अध्यक्ष, सरपंच एवं ग्राम प्रमुख ध्वजारोहण करेंगे।
राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए। साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापनों को स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित किया जाएगा।
निर्देशों के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस की रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसका व्यय संबंधित विभाग वहन करेंगे। आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा रात्रि में रोशनी करने की अपील की गई है।
शासकीय एवं शिक्षण संस्थानों में 15 अगस्त को सुबह नौ बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला कलेक्टर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा केवल देशभक्ति से ओतप्रोत और मर्यादित गीतों के प्रसारण की अनुमति होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित