रायपुर , अगस्त 07 -- छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 'हर घर तिरंगा' और 'तिरंगा यात्रा' अभियान चलाया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने शुक्रवार को रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' और 'तिरंगा यात्रा' अभियान देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 10 अगस्त को राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ होगा। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल होंगे।
श्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 से 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रभक्ति से जोड़ना, संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करना है। प्रदेश की 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।
उन्होंने कहा कि बस्तर के उन दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी इस बार 15 अगस्त को तिरंगा फहराया जाएगा, जहां पहले राष्ट्रीय ध्वज नहीं लहराया जा सका था।
उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बस्तर संभाग में इस वर्ष 15 अगस्त पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजापुर के 33 गांवों, सुकमा के 50 गांवों और नारायणपुर के नौ गांवों में पहली बार तिरंगा लहराया जाएगा।
श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के वे क्षेत्र जो पहले नक्सली हिंसा के कारण चर्चा में रहते थे, अब विकास और राष्ट्रीय मुख्यधारा से जुड़कर पहचान बना रहे हैं। पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को तिरंगा यात्रा के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्थानों, जिनमें स्कूल, प्रमुख चौराहे और सामुदायिक भवन शामिल हैं, का नामकरण शहीदों के नाम पर किया जाएगा। साथ ही शहीद जवानों के परिवारों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
श्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को सफलता मिली है और अब क्षेत्र में विकास, शांति और राष्ट्र निर्माण का नया दौर शुरू हो रहा है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं तिरंगा अभियान के प्रदेश प्रभारी यशवंत जैन, प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित