रायपुर , अप्रैल 21 -- छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए राज्य सरकार जल्द ही 24 घंटे सक्रिय रहने वाली सीएम हेल्पलाइन सेवा शुरू करने जा रही है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेश का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में बताया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की जाएगी। निर्धारित अवधि में समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

श्री साय ने विधानसभा में प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर कहा कि देश की महिलाओं के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में थे, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध किया। इसी विषय को लेकर विधानसभा में विशेष सत्र बुलाया गया है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां की जनता में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के प्रति असंतोष है। उन्होंने अपने दौरे का हवाला देते हुए दावा किया कि राज्य में बदलाव की मांग है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने की संभावना प्रबल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित