रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए शनिवार से शुरू हुई कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के पहले दिन अभ्यर्थियों की 80 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज की गयी।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित यह परीक्षा चार नवंबर तक चलेगी।
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले दिन प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 10 विषयों की परीक्षा आयोजित की गयी। इनमें 7,025 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 1,177 अनुपस्थित रहे। शिक्षक गणित विषय में सर्वाधिक 90.25 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गयी।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, भौतिकी में 84.83 प्रतिशत, जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत, संस्कृत में 81.77 प्रतिशत, इतिहास में 80.56 प्रतिशत तथा रसायन में 77.07 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसी प्रकार व्यायाम शिक्षक में 76.90 प्रतिशत, भूगोल में 64.29 प्रतिशत और अर्थशास्त्र में 63.64 प्रतिशत उपस्थिति रही।
इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 34,514 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किये गये हैं, जो कुल आवेदकों का 99.74 प्रतिशत है। आवेदकों में महिलाओं की भागीदारी अधिक रही है। कुल 20,779 महिला अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जो लगभग 60 प्रतिशत हैं। वहीं, पुरुष आवेदकों की संख्या 13,825 अर्थात 40 प्रतिशत है। कुल आवेदकों में 332 दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, प्रदेश में विभागीय स्तर पर पहली बार आयोजित इस कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह देखा गया। परीक्षार्थियों ने सीबीटी प्रणाली को पारंपरिक पेन-पेपर और ओएमआर आधारित परीक्षा की तुलना में अधिक सुविधाजनक, तेज और पारदर्शी बताया।
विभाग का कहना है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा में उत्तरों का स्वचालित मूल्यांकन होने से परिणाम तैयार करने में लगने वाला समय कम किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों के उत्तर, उत्तर कुंजी, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट ट्रेल उपलब्ध रहने से परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
परीक्षार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में अन्य भर्ती परीक्षाओं का आयोजन भी कंप्यूटर आधारित प्रणाली से कराने की अपेक्षा जतायी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित